आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र के इन्द्रपुरी इलाके में पुलिस ने जुए के एक बड़े फड़ का खुलासा करते हुए पांच लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों के साथ 1 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी मकान की छत पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे।

पुलिस ने मौके पर दी दबिश
पुलिस टीम को सूचना के आधार पर इन्द्रपुरी स्थित मकान संख्या ए-37 पर पहुंचकर दबिश दी गई। मकान के भीतर जाने पर पुलिस छत की ओर बढ़ी, जहां जुए का फड़ चल रहा था।

छत पर खेला जा रहा था ताश का जुआ
छत पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि पांच लोग जमीन पर गमछा बिछाकर ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे।

पांच आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से सभी पांचों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अमन अग्रवाल पुत्र उमेश अग्रवाल निवासी इन्द्रपुरी, दिलीप कुमार पुत्र सरदार सिंह निवासी गुरु तेग बहादुर कॉलोनी, प्रमेन्द्र खंडेलवाल पुत्र स्व. विशम्भरनाथ खंडेलवाल निवासी सरयू विहार, आशीष गुप्ता पुत्र स्व. अशोक कुमार गुप्ता निवासी न्यू नंगला पदी चंदन नगर और विनोद पुत्र राम किशन निवासी अरतौनि के रूप में हुई।

फड़ से नकदी और ताश बरामद
पुलिस ने जुए के फड़ से कुल 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने जुआ खेलने की बात स्वीकार की।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *