Shaadi.com पर प्यार का झांसा,: मुलाकात के बाद आरोपी युवक युवती की एक्टिवा और ज्वेलरी लेकर फरार
आगरा। ऑनलाइन रिश्तों की दुनिया में विश्वास ही नींव माना जाता है, लेकिन कई बार यही भरोसा भारी पड़ जाता है। न्यू आगरा क्षेत्र की एक युवती के साथ ऐसा ही हुआ। शादी.com पर मिली पहचान ने उसे रिश्तों के सपने दिखाए और फिर उसी भरोसे का फायदा उठाकर उसके साथ बड़ा धोखा हो गया।
पीड़िता ने कुछ समय पहले Shaadi.com पर अपना प्रोफाइल बनाया था। इसी प्लेटफॉर्म पर उसकी बातचीत डॉ. शिव कुमार शर्मा नाम के व्यक्ति से शुरू हुई। बातचीत बढ़ी और 4 दिसंबर को दोनों की मुलाकात न्यू आगरा स्थित मॉल स्थित बर्गर किंग रेस्टोरेंट में तय हुई।
पीड़िता उस दिन अपनी नई खरीदी ज्वैलरी और नकदी अपने पर्स में लेकर आई थी, जिसे वह अपनी एक्टिवा में रखकर पहुंची थी। रेस्टोरेंट में खाने-पीने के बाद युवक ने उसे अपने दोस्त और भाभी से मिलने की बात कहते हुए लेमन ट्री होटल चलने का प्रस्ताव दिया। युवती उसकी बातों पर विश्वास कर उसके साथ चल पड़ी।
हालांकि रास्ते से ही दोनों वापस मॉल लौट आए, क्योंकि आरोपी ने कहा कि उसका दोस्त अब हल्दीराम रेस्टोरेंट आ गया है। वापस आने पर जैसे ही युवती एक्टिवा की पार्किंग पर्ची लेने के लिए पलटी, आरोपी ने मौका पाकर एक्टिवा समेत उसका पर्स, नकदी और ज्वैलरी लेकर भाग निकला।
युवती के मुताबिक, चोरी हुई सभी कीमती चीजों की जानकारी आरोपी को पहले से थी। इतना विश्वास करने के बावजूद इसी भरोसे का उसने दुरुपयोग कर लिया। पीड़िता ने न्यू आगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी एक्टिवा व ज्वैलरी बरामद करने की मांग की है।
