टोरेंट पावर ने स्कूली बच्चों को सिखाए बिजली सुरक्षा के गुर
आगरा। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह–2026 के तहत टोरेंट पावर लिमिटेड, आगरा द्वारा शहर के विद्यालयों में विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शहर के एक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों को बिजली के सुरक्षित उपयोग और उससे जुड़े खतरों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान टोरेंट पावर के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि आधुनिक जीवन में बिजली जितनी जरूरी है, उतनी ही सावधानी भी इसकी मांग करती है। जरा-सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बच्चों को बताया गया कि खुले बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें, गीले हाथों से किसी भी विद्युत उपकरण को न छुएं और घर या आसपास कहीं भी बिजली से जुड़ी खराबी दिखाई दे तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।
अधिकारियों ने सरल और उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के तरीके, सुरक्षित दूरी के नियम तथा घर और स्कूल में बिजली के उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी। जागरूकता सत्र के दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए कई सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी बिजली सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। टोरेंट पावर लिमिटेड द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान आगरा के कई सरकारी व निजी स्कूलों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें अब तक 1200 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले चुके हैं। कंपनी का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित और जिम्मेदार बिजली उपयोग के प्रति जागरूक बनाना है।
