उत्तर प्रदेश

गोपनीय निरीक्षण रिपोर्ट लीक का आरोप,: आईआईएमटी अछनेरा ने विश्वविद्यालय से की कार्रवाई की मांग

0

आगरा, 25 अप्रैल।डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से संबद्ध परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए आईआईएमटी अछनेरा के कोऑर्डिनेटर डॉ. मदन मोहन शर्मा ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक को भेजे पत्र में गोपनीय निरीक्षण रिपोर्ट के अवैध लीक और सचल दल (फ्लाइंग स्क्वॉड) के कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया है।

शिकायत के अनुसार, परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा गठित सचल दल डॉ. मीरा सिंह, डॉ. अमरेश यादव और डॉ. जावेद खान—ने संस्थान में निरीक्षण किया था। इस दौरान एक गोपनीय रिपोर्ट तैयार की गई, जिसे नियमानुसार केवल विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों तक सीमित रहना चाहिए था।

हालांकि आरोप है कि उक्त रिपोर्ट को अनधिकृत रूप से मीडिया में लीक कर दिया गया, जिससे गोपनीयता के नियमों का उल्लंघन हुआ और संस्थान की साख को नुकसान पहुंचा।

डॉ. शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान सचल दल के सदस्यों का व्यवहार संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति अशोभनीय रहा। पहचान पत्र दिखाने के अनुरोध पर कथित तौर पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा “आपको रिपोर्ट में बताया जाएगा।” इस पूरे घटनाक्रम के फोटो साक्ष्य होने का भी दावा किया गया है।

प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई है।

इस मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed