आगरा

बमरौली कटारा में टोरेंट पावर ने जगाई विद्युत सुरक्षा की अलख: ग्रामीणों को सुरक्षित बिजली उपयोग और ऊर्जा संरक्षण का दिलाया संकल्प

0
IMG-20260709-WA0127

आगरा। विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित बिजली उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से टोरेंट पावर ने गुरुवार को बमरौली कटारा गांव में व्यापक विद्युत सुरक्षा एवं ऊर्जा संरक्षण जागरूकता अभियान चलाया। पंडित देवेंद्र कटारा के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर बिजली सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में टोरेंट पावर के सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अधिकारियों ने कहा कि टूटे हुए बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें, विद्युत लाइनों के नीचे निर्माण कार्य न करें और किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की जानकारी तुरंत विभाग को दें। साथ ही बच्चों को भी बिजली से जुड़े संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

अभियान के दौरान ऊर्जा संरक्षण पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अनावश्यक रूप से जल रहे बिजली उपकरण बंद रखने, ऊर्जा दक्ष उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देने और बिजली की बचत को अपनी दैनिक आदत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की बचत से जहां बिजली बिल कम होगा, वहीं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

ग्रामीणों को विद्युत सुरक्षा के नियमों की जानकारी व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से दी गई। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने बिजली आपूर्ति, सुरक्षा उपायों और विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर अधिकारियों से प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया।

ग्रामीणों ने टोरेंट पावर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि गांव-गांव में विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करने और ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लिया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से ऐसे अभियान समाज में सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत करेंगे।

इस अवसर पर टोरेंट पावर के पीआरओ भूपेंद्र सिंह, एजीएम सेफ्टी पवन चौधरी, अतुल मिश्रा, कुश मल्होत्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं ग्राम प्रधान राकेश सिंह, सुरेंद्र कटारा, देवेंद्र कटारा, धर्मेंद्र जादौन, राकेश राणा, मनोज उपाध्याय, श्याम सिकरवार, ओमकार सिकरवार, आरिफ, सत्यभान, आकाश सिंह, अनुज कटारा, सोनू कटारा, सुनील कुमार, दीपक सिंह, शुभम शुक्ला, राजू तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed