आगरा। दिल्ली हाईवे स्थित एसआरके मॉल में सोमवार शाम एक लापरवाही भरी हरकत ने सैकड़ों लोगों की सांसें थाम दीं। पार्किंग से मॉल की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर सुतली बम फोड़े जाने से तेज धमाका हुआ और पूरे मॉल में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनते ही लोग रेस्टोरेंट, गेमिंग जोन और मल्टीप्लेक्स से बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।

घटना के बाद मॉल के सुरक्षाकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए निकास गेट पर एक होंडा सिटी कार को रोक लिया। कार में तीन किशोर और एक किशोरी सवार मिले। तलाशी लेने पर कार से सुतली बम और अन्य आतिशबाजी बरामद हुई। इसके बाद चारों को थाना न्यू आगरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

थाना न्यू आगरा प्रभारी निरीक्षक निशामक त्यागी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी 10वीं कक्षा का छात्र है। उसके साथ मौजूद अन्य दोनों किशोर भी छात्र हैं, जबकि उनके साथ एक किशोरी भी थी। सभी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं और एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।

प्रभारी निरीक्षक निशामक त्यागी के अनुसार, पूछताछ में किशोरों ने बताया कि वे मॉल में बर्गर खाने आए थे और घर से आतिशबाजी साथ लाए थे। उनका कहना है कि किसी को नुकसान पहुंचाने या दहशत फैलाने की मंशा नहीं थी। उन्होंने केवल दिखावा करने के उद्देश्य से पार्किंग की सीढ़ियों पर सुतली बम फोड़ दिया।

मॉल प्रबंधन के अनुसार धमाका इतना तेज था कि पहले लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका हुई। सुरक्षा कर्मचारियों ने तत्काल पार्किंग और अन्य हिस्सों की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में तीनों किशोर धमाका करने के बाद तेजी से कार की ओर भागते दिखाई दिए। इसके बाद निकास द्वार पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई और कार की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार से एक डिब्बा सुतली बम और दो डिब्बे अन्य आतिशबाजी बरामद हुई। मॉल प्रबंधन ने थाना न्यू आगरा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसी हरकत किसी अधिक संवेदनशील स्थान पर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रभारी निरीक्षक निशामक त्यागी ने बताया कि चारों किशोरों के परिजनों को थाने बुलाया गया है। मामले में पूछताछ जारी है और बरामद आतिशबाजी के स्रोत सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *