आगरा। थाना हरिपर्वत क्षेत्र के दिल्ली गेट स्थित आरबीएस इंटर कॉलेज के बाहर छुट्टी के बाद घर जा रहे दो साइकिल सवार स्कूली छात्र नगर निगम की आरसी कॉम्पैक्टर ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों छात्र घायल हो गए। हादसे के समय नगर निगम की गाड़ी को चालक गजेंद्र चला रहा था।

घायल छात्र पवन कुमार ने बताया कि कॉलेज की छुट्टी के बाद दोनों साइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान नगर निगम का ट्रक उनके पास से गुजर रहा था। छात्र के मुताबिक चालक ने अचानक उनकी तरफ कट मार दिया। ट्रक का आगे का हिस्सा निकल गया, लेकिन पीछे का हिस्सा उनकी साइकिल में जा लगा। टक्कर से साइकिल टूट गई और दोनों छात्र बाल-बाल बच गए।

वहीं छात्र अनुज ने बताया कि वह साइकिल चला रहा था और उसका साथी पीछे बैठा था। उसके मुताबिक ट्रक ने अचानक कट मारा और ट्रक का टायर साइकिल के ऊपर चढ़ गया। अनुज ने समय रहते खुद को हटा लिया। छात्र ने कहा कि “मैं मरने से बचा हूं बिल्कुल।”

हादसे में एक छात्र की जांघ में चोट आई, जबकि दूसरे के कंधे और पैर में चोट लगी है। छात्रों के बयानों के बाद नगर निगम की गाड़ी के संचालन और चालक की लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आरबीएस इंटर कॉलेज के बाहर हुए हादसे ने स्कूल छुट्टी के समय सड़क सुरक्षा और नगर निगम के वाहनों की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *