पुलिस अभिरक्षा में बड़ा खेल! चलती ट्रेन से कूदा आरोपी, तीन पुलिसकर्मियों पर मुकदमा

आगरा। पुलिस अभिरक्षा में गुजरात से मिर्जापुर ले जाया जा रहा आरोपी सूरज कुमार पांडेय उर्फ हर्ष पांडेय आगरा में चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अब उसकी निगरानी में तैनात तीन पुलिसकर्मी खुद कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं।

दरअसल, थाना पड़री, मिर्जापुर में दर्ज मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को गुजरात के सूरत स्थित उमरा से बरामद किया था। इसके बाद उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव, महिला हेड कांस्टेबल गीता देवी और कांस्टेबल नीरज कुमार आरोपी और पीड़िता को लेकर वापस मिर्जापुर के लिए रवाना हुए।

लेकिन आगरा पहुंचते ही पुलिस की पूरी सुरक्षा व्यवस्था धरी की धरी रह गई। 4/5 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे मधुबनी एक्सप्रेस जब श्रृंगारपुर और किरावली रेलवे स्टेशन के बीच दौड़ रही थी, तभी आरोपी ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी और फरार हो गया।

आरोपी की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद उपनिरीक्षक जयप्रकाश की ओर से जीआरपी आगरा फोर्ट में शिकायत दी गई। शिकायत में पुलिसकर्मियों पर आरोपी की निगरानी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है।

मामले में उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव, महिला हेड कांस्टेबल गीता देवी और कांस्टेबल नीरज कुमार के खिलाफ जीआरपी आगरा फोर्ट में बीएनएस की धारा 261 और 262 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सबसे बड़ा सवाल

पुलिस अभिरक्षा में मौजूद आरोपी चलती ट्रेन से आखिर इतनी आसानी से कैसे कूद गया?
सुरक्षा में चूक कहां हुई और आरोपी को निगरानी में रखने की जिम्मेदारी निभा रही पुलिस टीम से इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई—अब जांच में इन सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *