सहेली को छोड़ने निकली थीं चारों, कालिंदी विहार में दर्दनाक हादसा; खुशबू वाहन के नीचे फंसकर दूर तक घिसटी, दो युवतियां गंभीर

आगरा। शुक्रवार रात कालिंदी विहार में एक तेज रफ्तार डीसीएम चार युवतियों के लिए काल बनकर दौड़ी। सहेली को छोड़ने निकलीं चारों युवतियां सड़क किनारे पैदल चल रही थीं, तभी बेकाबू वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशबू जुरैल डीसीएम के नीचे फंस गई और वाहन उसे कुछ दूर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह खुशबू को बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे में दो अन्य युवतियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि एक को मामूली चोट आई है।

सहेली को छोड़ने निकली थीं चारों युवतियां

घटना शुक्रवार रात करीब 9:10 बजे थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार स्थित एच ब्लॉक में कैला देवी मंदिर के सामने हुई। जानकारी के मुताबिक, खुशबू जुरैल (22), अपनी बहन भूमि (18) और पड़ोसी शिखा कुशवाह (25) के साथ अपनी सहेली निशा चौधरी (20) को छोड़ने निकली थी। निशा गोविंद कॉलोनी की रहने वाली है। चारों सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही शिखा और निशा सड़क पर दूर जा गिरीं, जबकि खुशबू वाहन के नीचे फंस गई। डीसीएम उसे घसीटते हुए आगे बढ़ गई और फिर दूसरे वाहन से भी टकरा गई। हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल ले जाते समय खुशबू ने तोड़ा दम

राहगीरों ने तत्काल डीसीएम चालक को पकड़ लिया और वाहन के नीचे फंसी खुशबू को बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, खुशबू की हालत हादसे के बाद से बेहद गंभीर थी। अन्य घायल युवतियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। भूमि को मामूली चोट आई है।

पढ़ाई कर रही थीं तीनों युवतियां

हादसे का शिकार हुई खुशबू जुरैल एमकॉम की छात्रा थी। उसके पिता प्रकाश कोल्ड स्टोरेज में मैनेजर हैं। खुशबू की बहन भूमि बीकॉम की पढ़ाई कर रही है। शिखा कुशवाह के पिता एलआईसी में इंश्योरेंस एजेंट हैं, जबकि निशा चौधरी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। एक साथ निकलीं चार युवतियों में से एक की मौत और अन्य के घायल होने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा, चालक हिरासत में

घटना की पूरी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीसीएम चालक और वाहन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed