पिता नहीं, बड़ी बहन की नौकरी से चलता है घर; अश्लील फोटो स्थानीय युवकों को दिखाने का आरोप, युवती और उसकी बहनों का सड़क पर निकलना हुआ मुश्किल
आगरा। दो साल से कथित उत्पीड़न और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी से परेशान युवती ने मिशन शक्ति अभियान की जानकारी मिलने के बाद थाना लोहामंडी पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। युवती का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और बाद में निजी फोटो के जरिए उसे धमकाया गया। मामले में पुलिस ने जाकिर उर्फ बाबू को देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि उसके पिता नहीं हैं। परिवार की जिम्मेदारी उसकी बड़ी बहन पर है, जो नौकरी करके घर चलाती है। ऐसे में परिवार पहले से ही मुश्किल हालात में गुजर-बसर कर रहा है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो स्थानीय युवकों को दिखाईं। इसके बाद हालात ऐसे हो गए कि उसका और उसकी बहनों का सड़क पर निकलना तक मुश्किल हो गया।
अश्लील फोटो दिखाने का आरोप, बहनों पर कसते थे फब्तियां
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी के पास उसके फोटो-वीडियो थे, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान किया जाता था। युवती का आरोप है कि स्थानीय युवक उसे और उसकी बहनों को देखकर अभद्र टिप्पणियां करते थे और फब्तियां कसते थे। इस वजह से परिवार को सामाजिक अपमान और परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
युवती ने बताया कि वह पिछले दो साल से इस परेशानी को झेल रही थी। लंबे समय तक सुनवाई नहीं होने के कारण वह शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। इसी बीच उसे मिशन शक्ति अभियान के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद वह थाना लोहामंडी पहुंची और पुलिस को अपनी आपबीती बताई।
मिशन शक्ति की जानकारी के बाद पहुंची थाने
पीड़िता ने बताया कि थाने में इंस्पेक्टर और सरिता मैडम ने उसकी मदद की और मुकदमा दर्ज कराया। उसने पुलिस कमिश्नर का भी आभार जताया। युवती के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान की जानकारी मिलने के बाद उसे अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाने का रास्ता मिला।
देर रात आरोपी गिरफ्तार, आज न्यायालय में पेशी
एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने देर रात आरोपी जाकिर उर्फ बाबू निवासी जटपुरा, लोहामंडी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
