आगरा। बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की चाह में तीन बच्चे घर छोड़कर निकल गए। पीछे छोड़ गए एक ऐसा पत्र, जिसमें माता-पिता से माफी मांगते हुए कुछ बड़ा बनकर लौटने की बात लिखी थी। बच्चों के अचानक लापता होने से परिवारों में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई आगरा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और बच्चों की सोशल मीडिया प्रोफाइल की मदद से तलाश शुरू की। आखिरकार 24 घंटे के भीतर तीनों बच्चों को राजामंडी रेलवे स्टेशन के पास स्थित चामुंडा देवी मंदिर के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामला थाना लोहामंडी क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को तीन बच्चों के घर से चले जाने की सूचना मिली थी। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमें गठित की गईं। सर्विलांस टीम को भी तलाश में लगाया गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों को बच्चों की तस्वीरें दिखाकर पूछताछ की। इसके साथ ही बच्चों की सोशल मीडिया प्रोफाइल की भी जांच की गई। इन प्रयासों के बाद पुलिस को तीनों बच्चों को सकुशल खोजने में सफलता मिली।
पत्र में लिखी थी बड़े आदमी बनने की बात
बच्चों के घर छोड़ने के मामले में सामने आए पत्र ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी थी। पत्र में बच्चे ने माता-पिता को संबोधित करते हुए लिखा था कि वह कुछ समय के लिए घर छोड़कर जा रहा है और बड़ा आदमी बनने के बाद लौटेगा। उसने पढ़ाई में मन नहीं लगने की बात भी लिखी थी। पत्र के अंत में बच्चे ने माता-पिता के प्रति अपना प्यार जताते हुए लिखा, “I Love You Papa Ji और Mummy Ji”। पिता के मुताबिक, बच्चे इंस्टाग्राम पर रील और वीडियो देखते थे तथा एक-दूसरे को ऐसे वीडियो शेयर करते थे, जिनमें बाहर जाकर कुछ बड़ा करने और कुछ साल बाद घर लौटने जैसी बातें होती थीं।
https://thednanews.in/dna-news-all-links/
जयपुर गए, फिर लौटकर आगरा पहुंचे
बच्चों के पिता ने बताया कि तीनों 17 अक्टूबर को ईदगाह बस स्टैंड से जयपुर के लिए निकले थे। अगले दिन उन्हें घर की याद आई और वे वापस आगरा लौट आए। इसके बाद तीनों राजामंडी रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे, जहां से उन्हें चामुंडा देवी मंदिर के पास सकुशल बरामद किया गया। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों के सोशल मीडिया से प्रभावित होकर घर छोड़ने की बात की निर्णायक पुष्टि करना मुश्किल है। पुलिस के मुताबिक, उनके पत्र में बड़ा आदमी बनने और घर लौटने की बात जरूर लिखी गई थी।
CWC के सामने पेश होंगे बच्चे
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों बच्चों में से दो नाबालिग हैं। बरामदगी के बाद बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि आज के समय में कम समय के भीतर लंबी दूरी तय करना संभव है, इसलिए बच्चों को जल्द तलाशना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद टीमों ने लगातार प्रयास किए और तीनों को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।
परिजनों ने आगरा पुलिस का जताया आभार
बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और आगरा पुलिस व थाना लोहामंडी की टीम के सहयोग की सराहना की। बच्चों के पिता ने पुलिस कमिश्नर और पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद किया। यह घटना एक बार फिर बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने, उनके सपनों और परेशानियों को समझने तथा सोशल मीडिया पर देखी जा रही सामग्री को लेकर जागरूक रहने की जरूरत की ओर ध्यान दिलाती है।
