कोका-कोला बोटलर कंपनी में 69 लाख के गबन का मामला,: दो पूर्व प्रबंधकों समेत सात पर मुकदमा
गोपनीय कारोबारी डाटा चोरी कर निजी फर्में खड़ी करने और वित्तीय अनियमितताओं से कंपनी को लाखों का नुकसान पहुंचाने का आरोप
आगरा।हरीपर्वत क्षेत्र स्थित कोका-कोला और उसके सह-उत्पादों का उत्पादन करने वाली वृंदावन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में करीब 68.94 लाख रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के विधि प्रबंधक देवेश कपूर के अनुसार हरीपर्वत थाना पुलिस ने दो पूर्व वरिष्ठ प्रबंधकों समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

देवेश कपूर के अनुसार, कंपनी के पूर्व सेल्स मैनेजर जसप्रीत पुरी और पूर्व एरिया सेल्स मैनेजर भरत कुमार जैन लंबे समय तक महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे। इस दौरान उन्हें कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क, रिटेलर सूची, बिक्री रिकॉर्ड और अन्य गोपनीय कारोबारी डाटा तक पहुंच मिली। आरोप है कि दोनों ने इसी भरोसे का दुरुपयोग करते हुए कंपनी का संवेदनशील डाटा अपने कब्जे में ले लिया।

उन्होंने बताया कि नौकरी के दौरान ही दोनों ने नियमों के विपरीत अपनी-अपनी प्रोपराइटर फर्म ‘पवन एंटरप्राइजेज’ और ‘जैज एंटरप्राइजेज’ पंजीकृत करा लीं। आरोप है कि बाद में कंपनी के लैपटॉप से महत्वपूर्ण डाटा भी डिलीट कर दिया गया, ताकि रिकॉर्ड दोबारा हासिल न किया जा सके।
देवेश कपूर के अनुसार, आरोपियों ने पूर्व कर्मचारी वैभव सचदेवा और वॉलमार्ट के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर कंपनी के उत्पादों पर बिना अनुमति विशेष छूट दी। इससे कंपनी को 68,94,811 रुपये का नुकसान हुआ। आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल निजी कारोबार में किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि डिस्ट्रीब्यूटर से माल की आपूर्ति के बदले प्राप्त करीब 29.43 लाख रुपये भी कंपनी के खाते में जमा नहीं कराए गए। कंपनी की आंतरिक जांच में वित्तीय रिकॉर्ड और बिक्री के आंकड़ों के मिलान के दौरान अनियमितताएं सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ।
इस मामले में जसप्रीत पुरी, भरत कुमार जैन, वैभव सचदेवा, तरनजीत पुरी समेत अन्य अज्ञात आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
