कोका-कोला बोटलर कंपनी में 69 लाख के गबन का भंडाफोड़,: पूर्व सेल्स मैनेजर भरत जैन गिरफ्तार
दो पूर्व प्रबंधकों समेत सात पर मुकदमा, गोपनीय डाटा के दुरुपयोग और दूसरे राज्यों से माल लाकर यूपी में अवैध डंपिंग का आरोप
आगरा।कोका-कोला और उसके सह-उत्पादों का उत्पादन करने वाली वृंदावन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में करीब 68.94 लाख रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के विधि प्रबंधक देवेश कपूर के अनुसार, दो पूर्व वरिष्ठ प्रबंधकों समेत सात लोगों पर कंपनी के गोपनीय कारोबारी डाटा का दुरुपयोग कर निजी कारोबार खड़ा करने, अनियमित तरीके से उत्पाद बेचने और लाखों रुपये का गबन करने का आरोप है। हरीपर्वत थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूर्व एरिया सेल्स मैनेजर भरत कुमार जैन को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

देवेश कपूर के अनुसार, पूर्व सेल्स मैनेजर जसप्रीत पुरी और पूर्व एरिया सेल्स मैनेजर भरत कुमार जैन करीब 10 से 12 वर्षों तक कंपनी में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे। इस दौरान उन्हें कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क, रिटेलर बेस, बिक्री रिकॉर्ड और अन्य गोपनीय व्यावसायिक जानकारी तक पहुंच मिली। आरोप है कि दोनों ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर कंपनी का संवेदनशील डाटा अपने कब्जे में ले लिया।
आरोप है कि नौकरी के दौरान ही दोनों ने नियमों के विपरीत ‘पवन एंटरप्राइजेज’ और ‘जैज एंटरप्राइजेज’ के नाम से निजी फर्में पंजीकृत करा लीं। इसके बाद कंपनी के लैपटॉप से महत्वपूर्ण डाटा डिलीट कर दिया गया, ताकि रिकॉर्ड दोबारा हासिल न हो सके और अनियमितताओं का खुलासा न हो।
देवेश कपूर के अनुसार, आरोपियों ने पूर्व कर्मचारी वैभव सचदेवा और वॉलमार्ट के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर कंपनी के उत्पादों पर बिना अनुमति विशेष छूट दी। इससे कंपनी को 68,94,811 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल निजी कारोबार में किया गया। इसके अलावा डिस्ट्रीब्यूटर से माल की आपूर्ति के बदले प्राप्त करीब 29.43 लाख रुपये भी कंपनी के खाते में जमा नहीं कराए गए।
कंपनी की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दूसरे राज्यों से कंपनी का माल खरीदकर उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से डंप कर रहे थे। आरोप है कि अधिकृत वितरण व्यवस्था को दरकिनार कर निजी फर्मों के माध्यम से कारोबार किया जा रहा था, जिससे कंपनी के व्यावसायिक हितों और राजस्व को बड़ा नुकसान पहुंचा।
मामले में जसप्रीत पुरी, भरत कुमार जैन, वैभव सचदेवा, तरनजीत पुरी समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर भरत कुमार जैन को गिरफ्तार कर लिया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
