अपराध

शादी बनी सौदा, दुल्हन निकली ठग – चार दिन में उजड़ गया दो दोस्तों का घर: ग्वालियर की महिला बिचौलिया को दिए थे डेढ़-डेढ़ लाख रुपये, दो दोस्तों ने की थी शादी

0
images (36)





आगरा:

रकाबगंज थाना क्षेत्र के नामनेर में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सब्जी बेचने वाले दो दोस्तों ने ग्वालियर की एक महिला विचौलिया को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये देकर विवाह किया था। दोनों की शादी 14 और 15 अक्टूबर को दो युवतियों से कराई गई, जिन्हें विचौलिया ने सगी बहनें बताया था। लेकिन शादी के महज चार दिन बाद ही एक दुल्हन जेवर और नकदी समेटकर फरार हो गई, जबकि दूसरी भागने की फिराक में थी, जिसे परिवार वालों ने पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, फरार दुल्हन अंजलि झारखंड की और पकड़ी गई अंतिमा हरियाणा की बताई जा रही है। दोनों ग्वालियर में अपने परिवारों के साथ रहती थीं। जांच में सामने आया कि अंजलि और अंतिमा के बीच लगातार फोन पर बातचीत हो रही थी। एक मैसेज में अंजलि ने अंतिमा से लिखा था – “कल ग्वालियर में मिलेंगे।”

पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने अपनी उम्र अधिक होने और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बिचौलिया की मदद से शादी की थी। बिचौलिया ने 1.5 लाख रुपये में दोनों के रिश्ते तय कराए थे। शादी में एक युवती का “भाई” और दूसरी का “मौसा” बनकर आए लोगों ने कन्यादान की रस्म पूरी की थी।

शुक्रवार रात अंजलि सोने की चेन, अंगूठी और नकदी लेकर फरार हो गई। वहीं, अंतिमा को भागने की तैयारी करते वक्त पकड़ लिया गया। उसके पास भी जेवर बरामद हुए।

परिवार के बुलाने पर महिला विचौलिया ग्वालियर से आगरा पहुंची, लेकिन पंचायत में मामला नहीं सुलझा। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दी।

थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और बातचीत जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed