आगरा में तेज रफ्तार कार का कहर:: नगला बूढ़ी में 5 की मौत, कई घायल; ड्राइवर गिरफ्तार
आगरा में शुक्रवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी में थाने से कुछ ही दूरी पर एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार ने सात लोगों को रौंद दिया। इस भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा रात करीब 7 से 7:30 बजे के बीच हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार लगभग 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार पहले एक बाइक सवार से टकराई और फिर बेकाबू होकर डिवाइडर पार करती हुई सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचलती चली गई। बताया जा रहा है कि नगला बूढ़ी निवासी कालीचरन के पिता का कल निधन हुआ था, और परिवारजन घर के बाहर शोक में बैठे थे, तभी यह हादसा हो गया। रफ्तार इतनी अधिक थी कि कार दो से तीन बार पलटी खाकर पास की दीवार से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सड़क खून से लथपथ हो गई थी। आसपास के लोग दौड़े और घायलों को उठाकर अस्पताल भिजवाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। इसी बीच भीड़ ने आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह ड्राइवर को बचाकर थाने पहुंचाया।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में जोमैटो डिलीवरी बॉय भानु प्रताप, उसकी मां बबली (40), भाई कमल (23), कृष्णा (20) और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और कार को जब्त कर लिया गया है। मौके पर कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रित रहे।
