आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। टीडीआई मॉल के पास सड़क पर चलती कार में एक युवती के साथ अश्लील हरकतें और अभद्रता किए जाने का मामला दर्ज हुआ है।

पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने न केवल गाड़ी रोककर उसे धमकाया, बल्कि उसकी सुरक्षा को लेकर डराने की कोशिश भी की। घटना के बाद युवती ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, युवती अपनी कार से आगरा कैंट से दिल्ली की ओर जा रही थी। जब वह टीडीआई मॉल के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
कार में सवार दो युवकों ने खिड़की से अशोभनीय इशारे और अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं।

युवती ने जब इस हरकत का विरोध किया और सबूत के तौर पर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की, तो आरोपियों ने अपनी गाड़ी को युवती की कार के आगे रोक दिया।
इसके बाद दोनों युवक कार से उतरे और उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगे। युवती ने जब खुद को खतरे में महसूस किया तो तुरंत अपनी मां और पुलिस को फोन किया।

पुलिस की तत्परता और कार्रवाई

सूचना मिलते ही ताजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।पुलिस टीम ने तुरंत दोनों संदिग्ध युवकों को मौके से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और उसके फोन से बनाए गए वीडियो फुटेज को सबूत के रूप में कब्जे में लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके वाहन का भी परीक्षण कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *