आगरा | फतेहाबाद कस्बे में पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के पुत्र की गुंडागर्दी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक दो अलग-अलग स्थानों पर लोगों को बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहा है।

पहली घटना — 22 अक्टूबर की बताई जा रही है
जानकारी के अनुसार, पहला वीडियो 22 अक्टूबर का है। कस्बे के बाजारिया क्षेत्र में एक दुकान पर सामान खरीदने के दौरान मामूली कहासुनी झगड़े में बदल गई। इस दौरान पूर्व भाजपा पदाधिकारी का बेटा युवक को दुकान के अंदर गिराकर बुरी तरह मारता-पीटता नजर आया। सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक डर के कारण अभी तक थाने नहीं पहुंचा है।

दूसरा वीडियो भी आया सामने
वायरल हुआ दूसरा वीडियो करीब नौ महीने पुराना बताया जा रहा है। इसमें भी आरोपी युवक कस्बे के भारतीय स्टेट बैंक के सामने एक दुकानदार या कर्मचारी को जमीन पर पटककर पीट रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी आए दिन कस्बे में विवाद और मारपीट करता रहता है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।

पुलिस ने लिया संज्ञान
डीएसपी ईस्ट सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने दोनों वीडियो का संज्ञान ले लिया है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

लोगों में आक्रोश
घटनाओं के वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोग सोशल मीडिया पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आम जनता में भय समाप्त हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *