डीसीपी सिटी की सख्त कार्रवाई: चेन स्नेचिंग केस दबाने पर सीओडी चौकी प्रभारी रामभूल निलंबित
आगरा: सदर बाजार थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना को दबाने की कोशिश चौकी प्रभारी को भारी पड़ गई। सीओडी चौकी प्रभारी रामभूल को डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
घटना 23 अक्तूबर की है। मधुनगर निवासी सपना केला सदर बाजार आ रही थीं, तभी बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गया। पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन चौकी प्रभारी रामभूल ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कार्रवाई टालते रहे।
आखिरकार छह दिन बाद, 29 अक्तूबर को उन्होंने चोरी की साधारण धारा में मुकदमा दर्ज किया। जब डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने डेली क्राइम रिपोर्ट की समीक्षा की, तो मामला संदिग्ध लगा। जांच में खुलासा हुआ कि चौकी प्रभारी ने घटना को झपटमारी की जगह चोरी में दिखाकर मामला दबाने की कोशिश की थी।
डीसीपी सिटी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तुरंत चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। वहीं, थाना सदर बाजार के इंस्पेक्टर विजय विक्रम सिंह, जो अवकाश पर हैं, से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
