अधिवक्ता पर गैंगरेप पीड़िता से होटल में दुराचार का आरोप,: पुलिस ने दबिश में पकड़ा, आरोपी के दोनों पैर टूटे, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
आगरा। गैंगरेप पीड़िता के साथ होटल में दुराचार के मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है। मामला आगरा के एकता थाना क्षेत्र का है, जहां विपक्षी पक्ष के अधिवक्ता जितेंद्र सिंह पर दुराचार का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने शुक्रवार की रात ट्रांसयमुना कॉलोनी स्थित अधिवक्ता के घर पर दबिश दी। इस दौरान अधिवक्ता ने पुलिस से बचने के लिए पड़ोसी की छत से छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। घायल अधिवक्ता को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, शनिवार को पुलिस ने वहीं पर उसका रिमांड कराया है।
होटल में दुराचार की वारदात
औरेया निवासी एक युवती ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2022 के सामूहिक दुष्कर्म मामले की पीड़िता है और कोर्ट की तारीख पर आई थी। तारीख के बाद विपक्षी पक्ष के अधिवक्ता जितेंद्र सिंह ने उससे संपर्क किया और कहा कि वह समझौता करवा देगा। युवती उसकी बातों में आ गई और गाड़ी में बैठ गई।
रास्ते में अधिवक्ता ने उसे बीयर पिलाई और कुबेरपुर ले गया, जहां एक आरोपी से मुलाकात कराई। समझौता नहीं होने पर देर रात अधिवक्ता ने कहा कि रात में आगरा में ही रुकना पड़ेगा। वह युवती को शिल्पग्राम स्थित होटल ताज रॉयल लेकर आया और कमरा नंबर 106 में ठहराया।
रात में अधिवक्ता वापस लौटा और कहा कि केस से संबंधित बात करनी है। जैसे ही युवती ने दरवाजा खोला, अधिवक्ता ने उसे दबोच लिया और दुराचार किया। मौका पाकर युवती पानी लेने के बहाने कमरे से बाहर निकली और छिप गई। बाद में वह अपने कमरे में जाकर बंद हो गई और सुबह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई और साक्ष्य जुटाए
पुलिस ने होटल ताज रॉयल के सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर जब्त कर लिए हैं। फुटेज में अधिवक्ता के होटल में आने के सबूत मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। वहीं, पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और उसका बयान कोर्ट में दर्ज कराया जा रहा है।
आरोपी का भाई भी जा चुका है जेल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिवक्ता जितेंद्र सिंह का भाई कुछ समय पहले “लुटेरी दुल्हन प्रकरण” में जेल जा चुका है। उसने पैसे लेकर एक युवक की शादी एक लुटेरी दुल्हन से कराई थी, जो सुहागरात से पहले ही फरार हो गई थी। इस मामले में दुल्हन और उसके फर्जी रिश्तेदारों को भी जेल भेजा गया था।
पुलिस का बयान
एकता थाना प्रभारी ने बताया कि “आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ दुराचार की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रांसयमुना कॉलोनी से पकड़ने की कोशिश में उसने खुद को चोट पहुंचाई। उसका इलाज चल रहा है और पूछताछ के लिए रिमांड लिया गया है।”
