विश्व कप जीत के बाद दीप्ति शर्मा के घर पहुंचीं बबीता चौहान:: “बेटियां किसी से कम नहीं”
मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में इतिहास रचकर भारत की बेटी दीप्ति शर्मा ने न केवल भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व कप का खिताब दिलाया, बल्कि ताजनगरी आगरा का नाम भी विश्व पटल पर स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान शनिवार को दीप्ति शर्मा के आगरा स्थित घर पहुंचीं और उनके परिवार से मुलाकात कर बधाई दी। उन्होंने परिवार की खुशी में शामिल होकर कहा कि —
“अगर बेटियों को खुला आसमान मिले, तो वो हर मुकाम हासिल कर सकती हैं। दीप्ति ने साबित किया है कि बेटियां किसी से कम नहीं।”
बबीता चौहान ने कहा कि आज का ये क्षण अविश्वसनीय और अविस्मरणीय है। उन्होंने बताया कि दीप्ति जैसी बेटियां उन तमाम लड़कियों के लिए प्रेरणा हैं जो खेल या किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा,
“पहले समाज में यह धारणा थी कि क्रिकेट या अन्य खेल सिर्फ लड़कों के लिए हैं, लेकिन दीप्ति शर्मा ने इसे गलत साबित कर दिया है।”
महिला आयोग अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों और राज्य सरकार द्वारा बनाए गए सुरक्षित माहौल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में लड़कियों के लिए सुरक्षा और प्रोत्साहन का माहौल बना है, जिसकी वजह से बेटियां बेखौफ होकर अपने सपनों को पूरा कर रही हैं।
आगरा के लोगों में भी इस जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह है। बबीता चौहान ने कहा —
“अब ताजमहल से ज्यादा आगरा को दीप्ति शर्मा के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने जो कर दिखाया है, वो इतिहास में दर्ज रहेगा। पूरा आगरा उनके स्वागत के लिए तैयार है।”
उन्होंने बताया कि दीप्ति के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है, और हर कोई इस जीत की खुशी में शामिल हो रहा है।
