आगरा के थाना सिकन्दरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे परिवार के आभूषण रास्ते में संदिग्ध हालात में गायब हो गए। पीड़ित ने टैक्सी चालक पर साजिशन चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाना सिकन्दरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

पीड़ित ओमप्रकाश निवासी भाग्य नगर कॉलोनी, सिकन्दरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 दिसंबर 2025 को उनके भतीजे की शादी थी, जिसमें दिल्ली से परिवार के सदस्य शामिल हुए थे। शादी संपन्न होने के बाद परिवार को दिल्ली वापस भेजने के लिए शास्त्रीपुरम स्थित एस.एस. ट्रेवल्स से एक टैक्सी बुक की गई,  टैक्सी चालक का नाम कपिल है।

शिकायत के अनुसार, घर से सामान लादने से पहले छोटे भाई की पत्नी तारावती ने अपने आभूषणों का बैग चेक कर दोबारा बंद कर दिया था। इसी दौरान टैक्सी चालक कपिल की नजर उस बैग पर पड़ गई। यात्रा के दौरान चालक ने तय मार्ग बदलते हुए मथुरा की ओर गाड़ी मोड़ दी। विरोध करने पर उसने एक्सप्रेसवे से जाने की बात कही और रास्ते में फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से संपर्क कर सुल्तानगंज की पुलिया पर मिलने की बात की। वहां गाड़ी रोककर चालक ने बाहर उतरकर किसी व्यक्ति से अलग हटकर बातचीत की।

इसके बाद मथुरा बाईपास पर बने एक ढाबे पर गाड़ी रोकी गई। जब परिवार दिल्ली पहुंचा और सामान खोला गया तो आभूषणों का बैग गायब मिला। पीड़ित के अनुसार बैग में करीब 21.5 तोला सोने के आभूषण थे, जिनमें हार, टीका, लक्ष्मी माला, झुमकी, कंगन, कड़े और अंगूठियां शामिल हैं।

पीड़ित ने टैक्सी चालक पर साजिशन आभूषण चोरी कराने का आरोप लगाते हुए थाना सिकन्दरा में मुकदमा दर्ज कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *