पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के नेतृत्व में अपराध पर बड़ा प्रहार, 153 गिरफ्तार, 4 ढेर: ऑपरेशन कन्विक्शन में 1927 अपराधियों को सजा, लूट-चोरी व महिला अपराध में कमी
आगरा, संवाददाता। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के नेतृत्व में आगरा पुलिस ने बीते एक वर्ष (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ों के दौरान 153 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अपराधी मारे गए। इस कार्रवाई से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

🔹 ऑपरेशन कन्विक्शन से त्वरित न्याय
पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत 1927 अपराधियों को सजा दिलाई गई, जिनमें पांच को मृत्युदंड और 129 को आजीवन कारावास मिला है। पुलिस का दावा है कि त्वरित जांच और प्रभावी पैरवी के चलते यह संभव हो पाया है।
🔹 लूट और चोरी की घटनाओं में गिरावट
अपराध के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024-25 की तुलना में 2025-26 में लूट के मामलों में करीब 37 प्रतिशत कमी आई है। वहीं वाहन चोरी और गृहभेदन (चोरी) के मामलों में लगभग 15-15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
🔹 महिला सुरक्षा में सुधार
महिला सुरक्षा के मोर्चे पर भी पुलिस को सफलता मिली है। हत्या, दहेज हत्या, दुष्कर्म और दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों में कमी दर्ज की गई है, जिसे पुलिस की सतत कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है।
🔹 साइबर अपराध पर कड़ी कार्रवाई
साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए विशेष साइबर थाने और हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में ठगी की रकम फ्रीज कराई और पीड़ितों को वापस दिलाया। इसके साथ ही ऑपरेशन कोड ब्रेक के तहत QR कोड फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों में 40 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
🔹 सार्वजनिक अनुशासन और ट्रैफिक पर सख्ती
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया, जिसमें 6055 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती दिखाते हुए हजारों वाहनों के चालान किए गए।
🔹 यूपी-112 का बेहतर रिस्पांस टाइम
आपातकालीन सेवा UP-112 का रिस्पांस टाइम घटकर 6.19 मिनट हो गया है, जिससे घटनाओं पर त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित हुई है।
🔹 भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए 16 पुलिस कर्मियों को निलंबित और एक को बर्खास्त किया गया है। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
🔹 आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर में शांति व सुरक्षा बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी।
