अपराध

बैंक की कुर्की का दबाव और दोस्त की धमकी पड़ी भारी,: रेलवे लाइन पर दी जान; आरोपी ने पंचायत में लिखित में मानी थी उकसाने की बात

0
j99udf

आगरा।थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की प्रताड़ना और बैंक के बढ़ते दबाव से तंग आकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना 15 मई 2026 की सुबह आरबीएस कॉलेज ग्राउंड के पास रेलवे लाइन की है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर आरोपी दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धोखे से नाम पर लिया 2.5 लाख का लोन

अटूस (थाना सिकंदरा) के रहने वाले राहुल छौंकर ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उनके स्वर्गीय पिता रामबाबू और एत्माद्दौला निवासी इकबाल अब्बास दोनों फ्रीडम शूज एलएलपी (शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया) में एक साथ नौकरी करते थे। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी।

शिकायत के मुताबिक, मई 2023 में इकबाल ने रामबाबू को झांसे में लेकर उनके नाम पर इंडियन बैंक, रुनकता से ढाई लाख रुपये का लोन स्वीकृत करवा लिया। इकबाल ने लोन की पूरी रकम खुद रख ली और पूरा लोन व उसकी किस्तें खुद चुकाने का भरोसा दिया था।

किश्तें न भरने पर बैंक ने बनाया कुर्की का दबाव

लोन लेने के बाद आरोपी इकबाल ने एक भी किश्त नहीं भरी। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने गरीब Ramबाबू पर पैसे चुकाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब रामबाबू और उनके भाई ने इकबाल से लोन भरने का अनुरोध किया, तो उसने साफ मना कर दिया। उल्टा आरोपी रामबाबू को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देने लगा।

इधर बैंक की ओर से संपत्ति कुर्की की चेतावनी मिलने के बाद रामबाबू गहरे मानसिक तनाव में आ गए। कोई अन्य रास्ता न देख उन्होंने 15 मई को सुबह करीब पौने आठ बजे आरबीएस कॉलेज ग्राउंड के पास जाकर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

पंचायत में मानी गलती, लिखित में ली जिम्मेदारी

रामबाबू की मौत के बाद, आरोपी इकबाल ने समाज के डर से 17 मई को एक पंचायत बुलाई। वहां मौजूद सभी लोगों के सामने उसने स्वीकार किया कि रामबाबू ने उसी के कृत्यों और उकसावे के कारण आत्महत्या की है। आरोपी ने इस बात को अपने हाथ से लिखकर भी दिया। पिता की अचानक मौत और गहरे सदमे के कारण परिवार अंतिम संस्कार में व्यस्त था, जिसके चलते रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

जगदीशपुरा पुलिस ने शिकायतकर्ता राहुल की तहरीर पर आरोपी इकबाल अब्बास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक विश्वासघात और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश के साथ-साथ मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed