आगरा। फतेहाबाद के KK Hospital बच्चा तस्करी मामले में वांछित एक महिला आरोपी के आगरा में फरारी काटने की जानकारी सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। सूत्रों के अनुसार आरोपी महिला पिछले लगभग 10 महीनों से शहर की एक नामी महिला डॉक्टर के यहां रह रही है। इस खुलासे के बाद उसे कथित तौर पर संरक्षण देने वाले डॉक्टर दंपत्ति की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।

जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला पर बच्चों की तस्करी को सुविधाजनक बनाने (फैसिलिटेट करने) तथा इसके बदले धनराशि लेने के आरोप हैं। जांच में उसका नाम सुंदर सिंह के साथ मिलकर बच्चों को बेचने वाले नेटवर्क से जुड़ने पर सामने आया था। मामले में अब तक 18 आरोपी दिल्ली की जेल में बंद बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार आरोपी महिला दिल्ली में दर्ज मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रही है। उसकी अग्रिम जमानत याचिका जनवरी 2026 में दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा खारिज की जा चुकी है। इसके बावजूद वह गिरफ्तारी से बचती रही। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस द्वारा उसके खिलाफ जारी वारंट कई बार उसके आवास पर चस्पा किए जा चुके हैं।

मामले से जुड़े सूत्रों का दावा है कि आरोपी महिला को शरण देने वाले डॉक्टर दंपत्ति की भूमिका भी जांच एजेंसियों के रडार पर आ सकती है। यदि जांच में यह सामने आता है कि आरोपी को उसके वांछित होने की जानकारी के बावजूद संरक्षण दिया गया या गिरफ्तारी से बचाने में मदद की गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि गांधी नगर स्थित अस्पताल का संचालन डॉक्टर दंपत्ति द्वारा किया जाता है। चिकित्सा क्षेत्र में वर्षों से स्थापित उनकी प्रतिष्ठा पर भी इस मामले के खुलासे के बाद सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, उनकी भूमिका को लेकर कोई भी अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने और आधिकारिक तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी महिला के संभावित ठिकानों, उसके संपर्कों और उसे कथित तौर पर संरक्षण देने वाले लोगों की भूमिका की पड़ताल में जुटी हुई हैं। मामले के नए खुलासों के बाद आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *