आगरा। पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार ने जनपदवासियों से जुआ और सट्टे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जुआ और सट्टा केवल कानूनी अपराध नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभिशाप है, जो परिवारों को आर्थिक और मानसिक रूप से बर्बाद कर रहा है।

पुलिस कमिश्नर ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि आगरा में अपने एक वर्ष से अधिक के कार्यकाल के दौरान उन्होंने पाया है कि जुआ-सट्टे की समस्या ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में गंभीर रूप ले चुकी है। कई लोग इस लत के कारण अपने परिवार के जेवर तक गिरवी रख देते हैं, जिससे घरों में कलह और आर्थिक संकट पैदा होता है।

उन्होंने कहा कि जुए की लत लोगों को चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों की ओर भी धकेल सकती है। बच्चों की शिक्षा, परिवार के पालन-पोषण और भविष्य पर खर्च होने वाला धन जुए में बर्बाद हो जाता है, जिससे पूरे परिवार को नुकसान उठाना पड़ता है।

दीपक कुमार ने नागरिकों से अपील की कि जुआ-सट्टा से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल यूपी-112 पर दें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को इस बुराई से दूर रखने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि केवल कार्रवाई कर लोगों को जेल भेजना ही इस समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगरा के नागरिक इस अभियान में पुलिस का सहयोग करेंगे और जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *