बेटे को एसआई भर्ती कराने का झांसा देकर पिता से पांच लाख ठगे: तहसीलदार के नाजिर का रिश्तेदार बताकर भर्ती का झांसा
पैसे गिनते हुए
पुलिस में सब-इंस्पेक्टर भर्ती कराने का भरोसा देकर किसान से पांच लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। थाना एकता पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आगरा।पुलिस में सब-इंस्पेक्टर भर्ती कराने का झांसा देकर एक किसान से पांच लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पहले कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर थाना एकता में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दिगनेर निवासी किसान पूरन सिंह के अनुसार उनका बेटा विश्वजीत सब-इंस्पेक्टर भर्ती की तैयारी कर रहा था और परीक्षा भी दे चुका था। इसी दौरान परिचित विनय उर्फ वीनू ने संपर्क कर दावा किया कि उसका साला जितेंद्र सदर तहसील में नाजिर है और बड़े अधिकारियों से बात कर भर्ती करा सकता है। इसके लिए 15 लाख रुपये की मांग की गई।

पीड़ित का आरोप है कि एक मार्च 2026 को गवाहों की मौजूदगी में पहली किस्त के रूप में पांच लाख रुपये विनय को दिए गए। रुपये देने के दौरान उनके भाई ने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा और बाद में अपने घर से भी गायब हो गया।
किसान का कहना है कि जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी।
थाना एकता पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
