70 वर्षीय पति पर दूसरी महिला से संबंध का आरोप, पेंशन और पुश्तैनी जमीन की रकम को लेकर 62 वर्षीय पत्नी ने लगाए मारपीट के आरोप

आगरा। उम्र के उस पड़ाव पर जब पति-पत्नी से एक-दूसरे के सहारे की उम्मीद होती है, शाहगंज क्षेत्र का एक मामला रिश्तों में आई दरार की अलग कहानी बयां कर रहा है। 62 वर्षीय पत्नी ने अपने 70 वर्षीय पति पर दूसरी महिला के साथ संबंध रखने और उसके साथ पेंशन की रकम खर्च करने का आरोप लगाया है। पत्नी के मुताबिक, इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

महिला का आरोप है कि करीब दो साल से पति के व्यवहार में बदलाव आया है। दूसरी महिला के फोन लगातार पति के पास आने लगे। पत्नी ने जब इस पर सवाल उठाया तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति पेंशन की रकम घर की जरूरतों पर खर्च करने के बजाय दूसरी महिला और उसके पति के साथ खर्च करते हैं।

विवाद सिर्फ पेंशन तक सीमित नहीं रहा। पत्नी ने पुश्तैनी जमीन से मिली रकम को लेकर भी पति पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसने पति से रुपये देने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया।

विरोध किया तो मारपीट का आरोप

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि तीन मई की रात करीब आठ बजे इसी विवाद को लेकर पति ने उसके साथ मारपीट और गालीगलौज की। घर में लगे कैमरे में घटना रिकॉर्ड होने की बात भी महिला ने पुलिस को बताई है।

महिला ने पुलिस से खुद और बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर शाहगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *