मुकदमा वापस लेने का दबाव, हिस्ट्रीशीटर समेत 12 लोगों पर गंभीर आरोप; 45 दिन से पीछा कर मानसिक रूप से परेशान करने का दावा

 आगरा।पहले मुकदमा वापस लेने का दबाव… फिर 15 लाख रुपये की मांग और रकम न देने पर जेल भिजवाने से लेकर जान से मरवाने तक की धमकी। करीब 45 दिनों से कथित तौर पर लगातार परेशान किए जा रहे युवक ने जब पूरा मामला सामने रखा तो मामला गंभीर हो गया। पीड़ित का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर अमित और उसके साथियों का समूह लगातार उसे और उसके परिवार को डराने-धमकाने के साथ झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा है।

शाहगंज क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी नंदकिशोर ने आरोप लगाया कि मोहल्ले का अमित, उसके भाई छोटू उर्फ अजय, गोरखा उर्फ विजय और सहयोगी जीतू उर्फ जितेंद्र समेत कई लोग लंबे समय से उसे परेशान कर रहे हैं। पीड़ित के मुताबिक अमित और उसके कुछ साथियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों के चलते कार्रवाई हो चुकी है।

पीड़ित का कहना है कि पिछले करीब 45 दिनों से आरोपी उसके साथ-साथ उसके परिवार के लोगों को भी लगातार धमका रहे हैं। आरोप है कि उससे कहा जा रहा था कि यदि उसने अपना मुकदमा वापस नहीं लिया तो उसके और उसके परिजनों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराकर जेल भिजवा दी जाएगी। इतना ही नहीं, परिवार के एक वरिष्ठ सदस्य को भी जेल भिजवाने की धमकी देने का आरोप है।

घर पहुंचकर मांगे 15 लाख रुपये

पीड़ित के अनुसार 16 सितंबर की दोपहर करीब एक बजे अमित, जीतू, नरेश, अभि, नगीनाब, छोटू, देवी सिंह और अन्य लोग उसके पास पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उससे 15 लाख रुपये देने की मांग की गई। रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और किसी दिन उठवाकर जान से मरवा देने की धमकी दी गई।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी लगातार उसके पीछे लगे हुए हैं और कथित तौर पर झूठी घटनाएं बनाकर उसे तथा उसके परिवार को सामाजिक और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उसने पूरे मामले की शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

12 लोगों के नाम सामने आए

मामले में अमित, छोटू उर्फ अजय, गोरखा उर्फ विजय, जीतू उर्फ जितेंद्र और नरेश के अलावा अभि, नगीनाब, श्रीमती नगीनाब, ऊषा, दिव्या, छोटू, देवी सिंह और श्रीमती मिथलेश के खिलाफ नामजद मुकदमा थाना न्यू आगरा में दर्ज किया गया है।

पीड़ित का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उसका परिवार मानसिक दबाव में है। उसने पूरे मामले में सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *