आगरा। जिला जेल से पेशी के लिए दीवानी परिसर लाए गए हिस्ट्रीशीटर जिम्मी चौधरी की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जिम्मी चौधरी को मृत घोषित कर दिया। वह ताजगंज थाना क्षेत्र में फायरिंग के मामले में जेल में बंद था। उसकी मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

कौन था जिम्मी चौधरी?

जिम्मी चौधरी सिकंदरा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आती रही है। उसका नाम फायरिंग, मारपीट, धमकी और दबंगई से जुड़े मामलों में कई बार सुर्खियों में रहा।

जमानत मिली तो फायरिंग का वीडियो हुआ वायरल

वर्ष 2019 में जिम्मी चौधरी उस समय चर्चा में आया, जब जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आरोप था कि जमानत मिलने की खुशी में फायरिंग करने के बाद उसने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। इससे पहले भी उसके फायरिंग और मारपीट से जुड़े वीडियो सामने आने की बात कही गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

दुकानदार से विवाद हुआ तो भीड़ ने पकड़ लिया

वर्ष 2023 में सिकंदरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-11 में भी जिम्मी चौधरी की दबंगई का मामला सामने आया था। आरोप था कि दुकान से सामान लेने के बाद उसने रुपये नहीं दिए। दुकानदार के बेटे ने पैसे मांगे तो कथित तौर पर उसे धमकाया गया।

अगले दिन जिम्मी अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा। वहां मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और भीड़ ने जिम्मी को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया और पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।

दुकानदार ने आरोप लगाया था कि जिम्मी जेल से छूटने के बाद उसे हत्या की धमकी देकर गया था।

फायरिंग से लेकर दबंगई तक विवादों में रहा नाम

जिम्मी चौधरी का नाम अलग-अलग समय पर कई आपराधिक विवादों में सामने आता रहा। कभी जमानत के बाद फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ तो कभी दुकानदार से विवाद के बाद भीड़ ने उसे पकड़ लिया। अब ताजगंज के फायरिंग मामले में जेल में बंद जिम्मी की दीवानी परिसर में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत ने एक बार फिर उसके नाम को चर्चा में ला दिया है।

पुलिस अब मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed