आगरा: कासगंज जेल से एक साइबर क्राइम आरोपी संकेत यादव (22 वर्ष), जो मध्य प्रदेश के जबलपुर का निवासी है, हथकड़ी तोड़कर फरार हो गया। उसे इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार रात करीब 2 बजे आरोपी ने हथकड़ी से अपना हाथ निकालकर भागने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, संकेत यादव को कासगंज पुलिस ने साइबर क्राइम के एक मामले में गिरफ्तार किया था। पेट दर्द और उल्टी की शिकायत पर उसे मेडिकल जांच के लिए आगरा ले जाया गया था। घटना के वक्त उसके दोनों बंदी रक्षक गहरी नींद में थे, जिसके कारण फरारी की जानकारी उन्हें करीब एक घंटे बाद मिली।
पुलिस ने पूरे इलाके में सघन जांच शुरू कर दी है। थाना एमएम गेट पुलिस ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर चेकिंग तेज कर दी है, मगर आरोपी अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि घटना का वीडियो सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम जबलपुर भी भेजी गई है।
कासगंज जेल प्रशासन ने दोनों बंदी रक्षकों और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना ने जेल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
