आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के दहतोरा मोड़ पर गुरुवार दोपहर जूता खरीदने को लेकर हुआ एक मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, गाली-गलौज, पथराव और फायरिंग होने लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और बोदला चौकी प्रभारी योगेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और कुल 7 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान करीब 20-25 लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंक रहे थे। इसी बीच एक आरोपी ने अपने साथियों के उकसाने पर छत से भीड़ पर फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। पथराव के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार का शीशा चटक गया। बताया गया कि कार से उतरे दूसरे व्यक्ति ने हवा में तमंचा लहराकर धमकी दी, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने मौके से आलोक भारद्वाज (36 वर्ष) को छत से फायरिंग करने के आरोप में पकड़ा, जिसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर और उसकी निशानदेही पर दो खाली खोखे बरामद हुए। वहीं संजय भारद्वाज (43 वर्ष) को तमंचा लहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसकी कार में रखे बैग से एक अवैध तमंचा और सात ज़िंदा कारतूस मिले। इसके अलावा नीरज, गजेंद्र सिंह उर्फ गब्बर, सुनील, बंटी और पुष्पेंद्र को भी पथराव में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि इस हिंसक घटना के दौरान करीब 15 से 20 लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान की जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *