आगरा। कानून ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अपराध कितना भी पुराना क्यों न हो, उससे बच निकलना नामुमकिन है। पुलिस कमिश्नरेट आगरा के थाना कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को 42 वर्षों से फरार चल रहे एक वारंटी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला वर्ष 1983 का है, जब थाना कोतवाली में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले मे शहजाद पुत्र इमदाद अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से आरोपी पुलिस और कानून की पकड़ से बाहर था। समय बीतता गया, लेकिन फाइलें बंद नहीं हुईं। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देश और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आगरा के आदेश के अनुपालन में आखिरकार कोतवाली प्रभारी भानू प्रताप सिंह ने इस पुराने मामले को दोबारा खोला और सटीक रणनीति के साथ आरोपी तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार किया गया आरोपी शहजाद, उम्र लगभग 81 वर्ष, मूल रूप से पाय चौकी थाना कोतवाली का निवासी है, जबकि वर्तमान में वह थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के हरियल बगीची इलाके में रह रहा था। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्षों पहले जारी वारंट अब भी प्रभावी था, जिसे तामील कराते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस टीम की सतर्कता और लगातार प्रयास अहम रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ चल रहा अभियान आगे भी जारी रहेगा और पुराने से पुराने मामलों में भी कानून का शिकंजा और कसता जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *