आगरा: लोहामंडी पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के भंडारण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर हाउस क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारा, जहां से पुलिस ने घर के अंदर से 400 किलो से ज्यादा आतिशबाजी का सामान बरामद किया।

यह पूरी कार्रवाई एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी के नेतृत्व में की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी ने मकान की पहली मंजिल पर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर रखा था, जबकि नीचे परिवार रह रहा था। पुलिस की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई।

दीपावली से पहले सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए डीसीपी सिटी सोनम कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि जयपुर हाउस निवासी अंकित खंडेलवाल ने अपने घर की पहली मंजिल पर भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण किया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मौके पर छापा मारकर लाखों रुपये मूल्य की आतिशबाजी बरामद की।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दीपावली से पहले ऐसे अवैध भंडारणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *