आगरा।
क्षेत्र के एक गांव में एक मनचले युवक ने किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। युवक की इन हरकतों से परेशान होकर किशोरी ने अपनी मां के साथ मिलकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। किशोरी और उसकी मां, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिता ने दी तहरीर:
किशोरी के पिता ने 25 अक्टूबर को अछनेरा थाने में तहरीर दी। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि गांव का ही एक युवक काफी समय से उनकी 15 वर्षीय बेटी का पीछा कर रहा था। आरोपी ने धोखे से किशोरी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए थे। इसे वायरल करने की धमकी देकर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और उसके साथ दुष्कर्म भी किया।
वीडियो वायरल की धमकी पर विषाक्त पदार्थ खाया :
परेशान होकर किशोरी ने यह बात अपनी मां को बताई। पीड़ित परिवार की शिकायत पर मां आरोपी के घर शिकायत करने गई। आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी के परिजन ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उन्हें भगा दिया।
शिकायत से नाराज़ होकर आरोपी 24 अक्टूबर की सुबह पीड़िता के घर आया और गाली-गलौज की। उसने धमकी दी कि वह किशोरी के फोटो और वीडियो वायरल कर देगा। इस धमकी से आहत होकर उसी दिन बेटी ने मां के साथ मिलकर विषाक्त पदार्थ खा लिया।
विषाक्त पदार्थ खाने के कारण मां-बेटी दोनों की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कार्रवाई:
मामले में एसीपी राम प्रवेश गुप्ता ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
