10 साल से नामी ब्रांड पारस और मधुसूदन के नाम पर बिक रहा था नकली घी,: गोदाम पर छापा, एक आरोपी गिरफ्तार
ट्रांस यमुना क्षेत्र में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में मधुसूदन और पारस ब्रांड के नाम पर नकली देशी घी बेचने का मामला सामने आया। गोदाम से नकली पैकिंग सामग्री और घी के टीन बरामद किए गए।

आगरा।ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के टेड़ी बगिया स्थित एक दुकान और गोदाम पर पुलिस तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मधुसूदन और पारस ब्रांड के नाम पर नकली देशी घी बेचने के कारोबार का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान गोकुल नगर, एत्माददौला निवासी वीरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। मौके से दोनों ब्रांड के नाम से पैक किया गया घी और पैकिंग सामग्री बरामद हुई।
कंपनियों के विपणन निगरानी अधिकारी जितेंद्र सिंह को आगरा में मधुसूदन और पारस ब्रांड के नाम पर नकली घी बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर बुधवार रात पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हाथरस रोड स्थित गोदाम पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान गोदाम से मधुसूदन ब्रांड के चार टीन और पारस ब्रांड के चार टीन, प्रत्येक 15 किलोग्राम क्षमता के, बरामद किए गए। अधिकारियों ने पैकिंग सामग्री और रैपर का परीक्षण किया, जिसमें वे संबंधित कंपनियों के असली उत्पादों की नकल पाए गए।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से बिना किसी अधिकृत अनुमति और वैध बिल के घी की खरीद-बिक्री कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह आगरा और आसपास के जिलों की दुकानों तक नकली घी की आपूर्ति करता था।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से बरामद मधुसूदन और पारस ब्रांड के घी के नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए हैं। अन्य संदिग्ध सामग्री को भी सील कर दिया गया है।
अधिकारी का बयान
शिकायतकर्ता कंपनी के प्रतिनिधि ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी मधुसूदन और पारस ब्रांड के नाम का दुरुपयोग कर नकली घी बेच रहा था, जिससे कंपनी की साख और उपभोक्ताओं दोनों को नुकसान पहुंच रहा था।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
