चार साल और डेढ़ साल से कर रहे थे काम, दो कर्मचारियों पर 235 ग्राम सोना और 1.5 किलो चांदी हड़पने का आरोप; विरोध पर पीड़ित को धमकी
डीएनए संवाददाता | आगरा
जिस दुकान में सालों से भरोसे के साथ तिजोरी और जेवरों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, वहीं से लाखों का माल गायब होने का आरोप सामने आया है। शाहगंज के सर्राफा बाजार में एक ज्वैलर्स के दो कर्मचारियों पर करीब 7 लाख रुपये नकद, 235 ग्राम सोने के जेवरात और 1.5 किलोग्राम चांदी के जेवरात गायब करने का आरोप लगा है। पीड़ित के मुताबिक, माल के बारे में पूछताछ करने पर दोनों ने जवाब देने से इनकार कर दिया और बाद में पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।
शाहगंज स्थित जय प्रकाश ज्वैलर्स के पीड़ित वकुल प्रकाश वर्मा के मुताबिक, दुकान पर शिवा ठाकुर करीब चार साल से काम कर रहा था, जबकि आलोक कुमार करीब डेढ़ साल से दुकान से जुड़ा था। लंबे समय से काम करने के कारण दोनों को दुकान के सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी से जुड़े कामों की जानकारी थी।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने इसी भरोसे का फायदा उठाया और दुकान के माल तथा नकदी में हेराफेरी कर दी। जब दुकान के माल का मिलान किया गया और सीसीटीवी फुटेज से जानकारी जुटाई गई तो बड़ी मात्रा में नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद दोनों से माल के बारे में पूछा गया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने जानकारी देने से इनकार कर दिया और दुकान पर आना भी बंद कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, दुकान से करीब 7 लाख रुपये कैश, 235 ग्राम सोने के जेवरात और 1.5 किलो चांदी के जेवरात गायब हुए हैं। इतनी बड़ी रकम और जेवरात के गायब होने से सर्राफा कारोबारी के होश उड़ गए। पीड़ित ने जब दोनों से इस संबंध में बात की तो आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी मिलने के बाद वह काफी भयभीत है। उसने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शिवा ठाकुर और आलोक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में दोनों पर दुकान से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात गायब करने तथा विरोध करने पर पीड़ित को धमकी देने का आरोप है।
