जालसाज कम्पनी: गोल्ड कॉइन, विदेश ट्रिप और कार का लालच दिखाकर ई–कॉमर्स कंपनी ने व्यापारी को ठगा
आगरा। ई–कॉमर्स कारोबार करने वाली कंपनी Arzoo (Sterne India Pvt. Ltd.) पर शहर के एक व्यापारी से लाखों रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने कंपनी के डायरेक्टरों पर भरोसा तोड़ने, भुगतान रोकने, रिवॉर्ड स्कीम न देने, धमकी और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित भारत व्यवसाय प्रा. के डायरेक्टर आदित्य अग्रवाल के अनुसार ने e कोमर्स कंपनी ने अक्टूबर से नवंबर 2023 के बीच बार–बार भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा सप्लाई किए गए ई–कॉमर्स आइटम का भुगतान 30 दिन में कर दिया जाएगा। साथ ही 16 सितंबर से 15 नवंबर 2023 के बीच बड़े व्यापार पर गोल्ड कॉइन, बैंकॉक–दुबई ट्रिप, BMW बाइक और टाटा टियागो कार जैसे रिवॉर्ड देने की स्कीम भी बताई गई।
व्यापारी के अनुसार उनकी कंपनी ने निर्धारित समय में करीब 2 करोड़ रुपये की खरीद कर दी, लेकिन Arzoo कंपनी ने न तो कोई रिवॉर्ड दिया और न ही ₹16,36,480 का भुगतान लौटाया। आरोप है कि कंपनी ने एक परचेज ऑर्डर को भी ₹2,55,744 रुपये का अकारण कैंसिल कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि जनवरी 2024 में जब वह कंपनी के बेंगलुरु दफ्तर पहुंचा, तो कंपनी के डायरेक्टर हुसैनुद खान, रशिराज सिंह राठौर, सीनियर मैनेजर अनस रफ़त और दो अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। व्यापारी का आरोप है कि कंपनी शुरुआत से ही रिवॉर्ड देने के इरादे में नहीं थी और नीयत पहले दिन से खराब थी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 14 जनवरी 2024 को कंपनी के सेल्स मैनेजर ने संजय प्लेस में रोककर उसे जान से मारने की धमकी दी और बकाया रकम मांगने पर गाली–गलौज की। उस समय व्यापारी का कर्मचारी भी साथ में मौजूद था।
पीड़ित का आरोप है कि कंपनी ने इसी तरह कई अन्य व्यापारियों को भी रिवॉर्ड स्कीम का झांसा देकर नुकसान पहुंचाया है।
हरिपर्वत थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
