सैन्ट्रल पार्क के पास चैन स्नैचिंग का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार: राजधानी के शातिर चैन चोर पहली घटना क़ो अंजाम देते ही आगरा पुलिस के हत्थे चढ़े
आगरा, जगदीशपुरा। कमिश्नरेट आगरा की जगदीशपुरा पुलिस ने सैन्ट्रल पार्क क्षेत्र में हुई चैन छिनैती की घटना का सिर्फ छह दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों हनी उर्फ अरप्रीत, साहिब उर्फ प्रभजोत और इकबाल कुरैशी को गिरफ्तार किया है। कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्पोर्ट्स बाइक और ₹60,300 नगद बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है जिन्होंने राजधानी दिल्ली में लगातार चैन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दिया था
पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि 10 नवंबर 2025 को वह दैनिक कार्य से लौट रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चैन छीन ली और फरार हो गए। मामला थाना जगदीशपुरा में दर्ज किया गया था।
CCTV फुटेज से खुला राज, दिल्ली से आए थे आरोपी
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और रास्तों के CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में बाइक सवार दो संदिग्ध दिखे, जिनकी तलाश शुरू की गई।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे 9 नवंबर को दिल्ली से आगरा आए थे और अगले दिन इलाके की रेकी कर चैन छीनी। छीनी गई चैन को उन्होंने दिल्ली में 75,000 रुपये में बेच दिया।
दिल्ली से चोरी की गई बाइक से की गई वारदात
आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई स्पोर्ट्स बाइक दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसकी जानकारी पुलिस ने संबंधित थाने को भेज दी है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड चौंकाने वाला
हनी उर्फ अरप्रीत — कुल 57 मुकदमे
इकबाल कुरैशी — कुल 31 मुकदमे
साहिब उर्फ प्रभजोत — कुल 5 मुकदमे
ये तीनों पहले भी कई वारदातों में शामिल रह चुके हैं और पुलिस की निगरानी सूची में थे।
जगदीशपुरा थाना पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपियों को धर-दबोचा।
टीम में शामिल रहे— प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, उ.नि. अभिषेक तिवारी, उ.नि. सोहनपाल सिंह सहित कई पुलिसकर्मी।
