अपराध

रिटायर्ड अधिकारी के खाते से साइबर अपराधियों ने 16.56 लाख उड़ाए: एटीएम कार्ड बदलकर की गई ठगी

0
images (49)

आगरा के शमसाबाद रोड स्थित हरी नगर में रहने वाले सेवानिवृत्त शासकीय अधिकारी मो. आसिफ खान (61) साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए। एटीएम कार्ड बदलकर दो शातिर युवकों ने उनके बैंक खाते से 16 लाख 56 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना कमिश्नरेट आगरा में तहरीर देकर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

घटना 13 अक्तूबर की शाम की है। मो. आसिफ राजपुर चुंगी स्थित एसबीआई एटीएम पर कैश निकालने पहुंचे थे। कई बार प्रयास करने पर भी कैश नहीं निकला। इसी दौरान एटीएम में मौजूद दो युवक मदद के बहाने उनसे बातचीत में उलझ गए। मौका मिलते ही एक युवक ने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया, और पीड़ित को भनक तक नहीं लगी।

कुछ देर बाद जब उनके यूपीआई ट्रांजैक्शन बार-बार फेल होने लगे और खाते में “नो बैलेंस” दिखा, तब उन्हें धोखाधड़ी का शक हुआ। बैंक स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि खाते से ₹16,56,319 उड़ाए जा चुके हैं और सिर्फ ₹122.95 शेष थे।

शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम थाना ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बैंक व तकनीकी टीम की मदद से ट्रांजैक्शन ट्रेल खंगाली जा रही है, साथ ही एटीएम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed