आगरा । शाह मार्केट में बुधवार शाम मोबाइल में टेंपर्ड लगवाने को लेकर हुए विवाद में चली गोली से मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद भीड़ ने दो आरोपितों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों को गुरुवार को जानलेवा हमले के आरोप में जेल भेज दिया है, जबकि तीन साथी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

मोबाइल टेंपर्ड लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार गैलाना मार्ग निवासी रोहित बघेल, अभय चौहान और उनका एक साथी बुधवार को आगरा कॉलेज जा रहे थे। कुछ दिन पहले कॉलेज में एक युवक से विवाद होने के कारण ये तीनों तैयारी के साथ निकले थे। शाह मार्केट से गुजरते समय एक युवक को मोबाइल में टेंपर्ड लगवाना था। इसी दौरान पार्किंग को लेकर वहां विवाद हो गया।

अभय ने तमंचे से चलाई थी गोली

विवाद बढ़ने पर अभय चौहान ने तमंचे से गोली चलाई। गोली पास ही सिम बेचने वाले मनीष गोयल की कनपटी से रगड़ती हुई निकल गई। गोली चलने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। लोगों ने पीछा कर दो युवकों—आकाश और सोहन—को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

दो गिरफ्तार, तीन युवक वांछित

नेहरू नगर चौकी प्रभारी मोहित शर्मा की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में पकड़े गए दोनों युवकों ने रोहित बघेल और अभय चौहान का नाम उजागर किया। दोनों आगरा कॉलेज के छात्र बताए गए हैं। घटना के बाद रोहित, अभय और शीलू मौके से फरार हो गए।

इंस्पेक्टर हरिपर्वत नीरज कुमार शर्मा के अनुसार तीनों फरार आरोपितों के घरों पर दबिश दी गई, लेकिन वे नहीं मिले। तीनों को जल्द गिरफ्तार कर जानलेवा हमला में जेल भेजा जाएगा। तमंचा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *