अपराध

पत्ती के नाम पर प्लम्बर मजदूर से ढाई लाख की ठगी,: धमकी देने पर थाना सदर में नामजद मुकदमा दर्ज

0
kmc_20251129_115415

आगरा। थाना सदर बाजार क्षेत्र में पत्ती के नाम पर एक गरीब प्लम्बर मजदूर से ढाई लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार और कथित पत्ती संचालक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मजदूरी से बचत का झांसा देकर फंसाया

पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि वह प्लम्बर का कार्य कर परिवार का पालन-पोषण करता है। वह नगला प्यारे, सौहल्ला रोड का निवासी है और लंबे समय से राकेश कुशवाह नामक ठेकेदार के यहां मजदूरी करता था। ठेकेदार ने उसे मजदूरी से कटने वाली रकम को “पत्ती” में लगाने का सुझाव दिया और भरोसा दिलाया कि इससे भविष्य के लिए बचत हो जाएगी।

दो पत्तियों में एक लाख रुपये जमा

ठेकेदार के कहने पर पीड़ित ने दो पत्तियों में कुल एक लाख रुपये जमा कराए। यह रकम उसकी मजदूरी से किश्तों में काटी जाती रही। पत्ती पूरी होने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली। बाद में पता चला कि ठेकेदार ने चुपचाप पत्ती की पूरी रकम कथित संचालक राजेन्द्र कुशवाह से ले ली।

बहन से भी दिलवाए डेढ़ लाख रुपये

आरोप है कि इसके बाद ठेकेदार ने और पैसों की जरूरत बताकर पीड़ित की बहन से डेढ़ लाख रुपये भी दिलवा लिए। इस तरह पीड़ित की कुल ढाई लाख रुपये की रकम ठेकेदार के पास चली गई।

रकम मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित का कहना है कि जब वह अपनी मां के साथ रकम मांगने ठेकेदार के घर गया तो उसे साफ कह दिया गया कि उसके कोई पैसे नहीं हैं। साथ ही धमकी दी गई कि दोबारा पैसे मांगने आए तो जान से मार दिया जाएगा और लाश तक का पता नहीं चलेगा।

पत्ती संचालक ने भी किया इनकार

पीड़ित ने जब कथित पत्ती संचालक से संपर्क किया तो उसने कहा कि पीड़ित ने उसके यहां कोई पत्ती नहीं डाली और पूरी रकम पहले ही ठेकेदार को दे दी गई है। दोनों के बीच आमना-सामना कराने से भी इनकार कर दिया गया।

थाना सदर में दर्ज हुआ नामजद मुकदमा

पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर बाजार पुलिस ने ठेकेदार राकेश कुशवाह और पत्ती संचालक राजेन्द्र कुशवाह के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने की धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed