अपराध

सिकंदरा में अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़,: 36 सिलेंडर जब्त,दो आरोपी हुए फरार

0
80e4c386-0ca6-45ad-add1-78ce6c5aa69d

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और काला बाजारी का मामला सामने आया है। पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रुनकता स्थित सिल्वर स्टेट कॉलोनी के एक मकान से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग का सामान बरामद किया गया। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

सूचना पर पहुंची पूर्ति विभाग व पुलिस की टीम

पूर्ति निरीक्षक बृजेश कुमार को 13 दिसंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली थी कि सिल्वर स्टेट कॉलोनी के एक मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त और रिफिलिंग की जा रही है। सूचना के आधार पर पूर्ति विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली।

मकान खुला मिला, आरोपी फरार

टीम के पहुंचने पर मकान का दरवाजा खुला मिला, लेकिन अंदर कोई मौजूद नहीं था। आसपास के लोगों ने बताया कि कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने मकान के अंदर सघन तलाशी शुरू की।

36 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग का सामान बरामद

तलाशी के दौरान मकान से 26 घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) और 10 व्यावसायिक सिलेंडर (19 किलोग्राम) बरामद किए गए। इसके साथ ही गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, गैस भरने की पाइप, हिसाब-किताब का रजिस्टर और  एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

दो आरोपी नामजद, काला बाजारी का आरोप

जांच में सामने आया कि धर्मेंद्र सिंह तोमर और शैलेंद्र चौहान उर्फ अंशु बिना किसी वैध अनुमति के घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का भंडारण कर अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग कर रहे थे। इससे गैस की काला बाजारी की जा रही थी और हादसे का खतरा भी बना हुआ था।

आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज

पूर्ति विभाग की तहरीर पर थाना सिकंदरा में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जब्त किए गए सिलेंडर और अन्य सामान को सुरक्षित सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

जांच जारी, आरोपियों की तलाश

पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed