कारीगर ने ही रची चांदी चोरी की साजिश: न्यू आगरा पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा
आगरा।चांदी व्यापारी से चार किलो चांदी चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस कारीगर पर व्यापारी ने भरोसा किया, वही इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड निकला। थाना न्यू आगरा पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 किलो 963 ग्राम चांदी और एक स्कूटी बरामद की है।
15 दिसंबर को मिली थी चोरी की सूचना
एसीपी सिटी अक्षय महादिक ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 को थाना न्यू आगरा को एक व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई थी कि दयालबाग रोड पर खड़ी एक स्कूटी चोरी हो गई है, जिसमें करीब 4 किलो चांदी रखी हुई थी। सूचना के आधार पर तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया।
टीमें गठित, कारीगर की भूमिका आई सामने
एसीपी अक्षय महादिक के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान सामने आया कि वादी का कारीगर सोनू ही इस घटना के पीछे है। उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक गिरोह बनाया और चोरी की पूरी योजना रची।
चोरी दिखाकर आपस में बांटी चांदी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि स्कूटी चोरी की कहानी महज एक बहाना थी। आरोपी कारीगर सोनू ने चांदी को चोरी दिखाकर अपने साथियों के साथ बांट लिया। पुलिस ने आरोपियों को दबोचते हुए स्कूटी के साथ 3 किलो 963 ग्राम चांदी बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
- सोनू कुशवाहा पुत्र पप्पू उर्फ पप्पी, निवासी नगला पदी, दयालबाग
- रवि कुमार उर्फ गोलू पुत्र पूर्ण चंद्र, निवासी प्रकाश नगर
- राजेश शर्मा पुत्र श्रीकृष्ण, निवासी प्रकाश नगर
