पुदुचेरी से दवा माफिया एके राणा आगरा लाया गया,: पूछताछ के बाद जेल भेजा
आगरा।नकली दवाओं के बड़े नेटवर्क का सरगना और मीनाक्षी फार्मा का मालिक एके राणा आखिरकार आगरा पुलिस की गिरफ्त में आ गया। सोमवार को पुदुचेरी से बी-वारंट पर एके राणा को आगरा लाया गया, जहां लंबी पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
दरअसल, अगस्त माह में एसटीएफ और औषधि विभाग की विशेष टीम की संयुक्त कार्रवाई में नकली दवाइयों के बड़े खेल का खुलासा हुआ था। इस मामले में आगरा में मुकदमा दर्ज किया गया था, तभी से एके राणा वांछित चल रहा था। कुछ दिन पूर्व पुदुचेरी में छापेमारी के दौरान पुदुचेरी पुलिस ने एके राणा को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई में करोड़ों रुपये की नकली दवाइयां बरामद हुई थीं, जबकि पैकेजिंग प्लांट को भी सील कर दिया गया था।
आगरा पुलिस को जैसे ही एके राणा की गिरफ्तारी की जानकारी मिली, पुलिस बी-वारंट लेकर पुदुचेरी पहुंची, लेकिन उससे पहले ही कोर्ट से उसे जमानत मिल गई। इसके बाद भी आगरा पुलिस ने हार नहीं मानी और दोबारा पुदुचेरी में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर एके राणा को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे आगरा लाकर पूछताछ की गई और फिर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एके राणा से पूछताछ में नकली दवाओं के सप्लाई नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और आर्थिक लेनदेन से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
