अपराध

फर्जी फर्म बनाकर 6 करोड़ से अधिक की GST चोरी,: राज्य कर विभाग अधिकारी की शिकायत पर FIR

0
kmc_20251129_115415

आगरा।आगरा में फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये की कर चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। राज्य कर अधिकारी खण्ड-07, जयपुर हाउस आगरा में तैनात विकास कुमार कौशिक ने लोहामंडी थाने में शिकायत देकर M/S AVDHESH TRADERS नामक फर्म पर लगभग 6.02 करोड़ रुपये की बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत लाभ लेने और पास-ऑन करने का आरोप लगाया है।

राज्य कर विभाग की जांच में सामने आया कि M/S AVDHESH TRADERS (GSTIN-09IWLPK3634K5ZS) को 18 जुलाई 2025 को जीएसटी पंजीयन मिला था, जिसे बाद में CGST नियम 21(a) के तहत सस्पेंड कर दिया गया। फर्म स्वामी अवधेश कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह ने पंजीयन के समय जो पता दर्शाया, वह भौतिक सत्यापन (गोपनीय रेकी) में अस्तित्वहीन पाया गया। मौके पर किसी प्रकार का व्यापार नहीं मिला और स्थानीय लोगों ने भी फर्म या उसके स्वामी को पहचानने से इनकार किया। पंजीकरण में दर्ज मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ मिला।

जांच के अनुसार फर्म ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30.42 करोड़ रुपये की आउटवर्ड सप्लाई दिखाते हुए करीब 6.02 करोड़ रुपये की कर देयता स्वीकार की, जिसका लगभग पूरा समायोजन बोगस ITC से किया गया। विभाग का दावा है कि बिना किसी वास्तविक इनवर्ड सप्लाई के केवल कागजी लेन-देन के जरिये यह ITC क्लेम और यूटिलाइज की गई, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ।

राज्य कर अधिकारी ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि फर्म द्वारा कई अन्य व्यापारिक संस्थाओं को आउटवर्ड सप्लाई दिखाकर बोगस आईटीसी पास-ऑन की गई। जांच रिपोर्ट, रेकी रिपोर्ट, जीएसटी पंजीयन दस्तावेज और अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे गए हैं।

पुलिस का कहना है कि fir के आधार पर दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है, जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed