अपराध

बुजुर्ग महिला से जमीन हड़पने का आरोप,: कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

0
kmc_20251129_115415

आगरा।थाना ताजगंज क्षेत्र में जमीन हड़पने और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला परवीन खान की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद थाना ताजगंज में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कॉलोनी विकसित करने के नाम पर उनसे खरीदी गई जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया और न तो पूरी जमीन दिलाई गई और न ही रकम लौटाई गई।

पीड़िता के अनुसार, उन्होंने मौजा बगदा, थाना ताजगंज स्थित खसरा संख्या 254 में स्थित 225.12 वर्गगज भूमि का बैनामा 5 मई 2015 को प्रेमलता शर्मा से कराया था, जो 6 जून 2015 को पंजीकृत हुआ। यह जमीन एमएम वाटिका कॉलोनी में प्लॉट संख्या 13 के आधे भाग और प्लॉट संख्या 14 के पूरे भाग की थी। बैनामे के समय मौके पर कब्जा भी दे दिया गया था।

आरोप है कि कॉलोनी विकसित न होने के कारण जमीन लंबे समय तक खाली पड़ी रही। बाद में जब कॉलोनी विकसित होने लगी और पीड़िता ने बाउंड्री कराने की बात कही तो सामने आया कि प्लॉट संख्या 13 के पूरे हिस्से पर अन्य लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर बाउंड्री का निर्माण करा लिया। पीड़िता का आरोप है कि उनके स्वामित्व वाले आधे प्लॉट पर छल-कपट से कब्जा कर लिया गया और केवल प्लॉट संख्या 14 ही बचा है। कॉलोनी के लेआउट प्लान में दर्शाए गए 25 फीट चौड़े रास्ते पर भी कब्जा कर लिए जाने का आरोप लगाया गया है।

पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने पूरी जमीन या उसके बदले रकम लौटाने की मांग की तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि 26 सितंबर 2025 को अधिवक्ता के माध्यम से भेजे गए कानूनी नोटिस के बाद आरोपी भड़क गए और कथित रूप से धमकी देते हुए कहा कि न तो जमीन मिलेगी और न ही उसकी रकम वापस की जाएगी।

पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद थाना ताजगंज में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। दर्ज मुकदमे में श्रीमती प्रेमलता शर्मा पत्नी हरिशंकर, मनोज उपाध्याय पुत्र हरिशंकर निवासी अयोध्या कुंज बी-ब्लॉक थाना शाहगंज, नदीम अहमद पुत्र स्वर्गीय अब्दुल सलीम निवासी नई आबादी पक्की सराय ताजगंज, प्रिया यादव पुत्री चरन सिंह, जय प्रकाश पुत्र कालीचरन, शान्ती देवी पत्नी कुल्लीराम और विष्णु पुत्र कुल्लीराम निवासीगण गांव वगदा थाना ताजगंज आगरा को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाते हुए विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed