घर बैठे कमाई का झांसा: महिला से ₹2.64 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले में अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घर बैठे कमाई का झांसा देकर एक महिला से ₹2 लाख 64 हजार से अधिक की ठगी किए जाने के मामले में FIR दर्ज होने के बाद जांच तेज कर दी गई है।
पीड़िता नेहा सिंह निवासी शास्त्रीपुरम, सिकंदरा, आगरा के अनुसार, मई 2025 में व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए उन्हें फर्जी कंपनी से जोड़ा गया। पहले छोटे मुनाफे दिखाकर भरोसा जीता गया, फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम जमा करवा ली गई।
14 मई 2025 को आरोपियों ने पीड़िता से ₹2,64,919 की रकम जमा करवा ली, लेकिन इसके बाद कोई भुगतान नहीं किया गया। उल्टा 4 लाख से ज्यादा की अतिरिक्त मांग की गई।
पीड़िता ने पहले साइबर पोर्टल और थाने में कई बार शिकायत दी, लेकिन अब जाकर जनवरी 2026 में मामला दर्ज किया गया है।
थाना सिकंदरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है।
