आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र स्थित टेढ़ीबगिया जलेसर रोड पर शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एसएन होटल के एक कमरे में बदमाश राज चौहान की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। होटल के अंदर शराब के दौर के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी वारदात में बदल गया।
बताया जा रहा है कि राज चौहान दोस्तों के साथ होटल में मौजूद था। इसी दौरान उसके कुछ परिचित युवक वहां पहुंचे। पहले आपसी बातचीत हुई, फिर कहासुनी बढ़ी और अचानक कमरे के अंदर फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां लगने से घायल राज जान बचाने के लिए बाहर गैलरी की ओर भागा, लेकिन पीछा कर हमलावरों ने दोबारा फायरिंग कर दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से पांच खोखे, शराब की खाली बोतलें और गिलास मिले हैं, जिससे साफ है कि वारदात से पहले शराब पार्टी चल रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राज चौहान पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका था। हाल ही में हत्या के प्रयास के मामले में एक साल की सजा काटकर वह दिसंबर में ही जेल से रिहा हुआ था। रिहाई के बाद उसके भाई हर्ष ठाकुर के आह्वान पर सैकड़ों लोगों ने जश्न भी मनाया था। पुलिस ने उस दौरान 12 नामजद और 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
अब पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं पुरानी रंजिश, जेल की दुश्मनी या वर्चस्व की लड़ाई तो इस हत्या की वजह नहीं बनी। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि शराब के नशे में हुआ विवाद अचानक हत्या में कैसे बदल गया।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *