आगरा में सपा ने युवाओं पर जताया भरोसा, रितिक प्रजापति बने लोहिया वाहिनी के महानगर अध्यक्ष: प्रजापति समाज को मिला प्रतिनिधित्व, संगठन को नई ऊर्जा देने की उम्मीद
आगरा, संवाददाता।
समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर युवाओं पर भरोसा जताते हुए संगठन में नई ऊर्जा भरने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की संस्तुति पर समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामकरन निर्मल ने आगरा निवासी रितिक प्रजापति को जिला आगरा का महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया है।
रितिक प्रजापति (पुत्र बिजेंद्र प्रजापति), जो पिलाखार नुनिहाई क्षेत्र के निवासी हैं, को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने से स्थानीय स्तर पर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी का यह निर्णय न केवल युवा नेतृत्व को बढ़ावा देता है, बल्कि सामाजिक संतुलन को साधने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष रितिक प्रजापति ने कहा,
“मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ जैसे युवा कार्यकर्ता पर विश्वास जताया। यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करूंगा।”
वहीं, सपा महानगर उपाध्यक्ष बिजेंद्र प्रजापति ने इस नियुक्ति को प्रजापति समाज के लिए सम्मान बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है। यह फैसला संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगा।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री दयाराम प्रजापति, जिला अध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा समेत कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए रितिक प्रजापति को शुभकामनाएं दीं।
