• साधन तिराहे पर चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर किया था फायर,

  • जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली,

  • अवैध असलहा व कारतूस बरामद

आगरा :थाना अछनेरा क्षेत्र में गोवंश चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घेराबंदी कर उसके एक अन्य साथी को भी मौके से दबोच लिया गया। बदमाशों के पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए हैं।

चेकिंग के दौरान किया पुलिस पर फायर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अछनेरा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई गोवंश चोरी की घटना के संबंध में पुलिस टीम दिनांक 26/27 मई की रात को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान गल्ला मंडी की तरफ से आ रहे दो संदिग्ध व्यक्ति साधन तिराहे के पास आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।

आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में लगी गोली

बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने भी पूरी बहादुरी दिखाते हुए आत्मसुरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। पुलिस की ओर से हुई कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान निजामुद्दीन उर्फ नुईया पुत्र हुकूमदीन के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने मौके का फायदा उठाकर भाग रहे उसके दूसरे साथी रिहान पुत्र अबरार को भी घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।

अवैध असलहा बरामद, विधिक कार्रवाई जारी

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 01 तमंचा (315 बोर), 01 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

शैलेन्द्र सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), अछनेरा ने बताया कि,
“क्षेत्र में गोवंश चोरी की घटना को लेकर पुलिस अलर्ट पर थी। देर रात साधन तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को रोका गया तो उन्होंने पुलिस पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस फायरिंग में एक अभियुक्त घायल हुआ है और दूसरा गिरफ्तार है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed